धार कृषि उपज मंडी में सोमवार को एक दिन की छुट्टी के बाद सोयाबीन की बंपर आवक दर्ज की गई। इस दौरान 11,681 बोरी सोयाबीन मंडी पहुंची, जिससे किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंडी गेट तक ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मंडी अधिकारी साजन सिंह जामोद ने बताया कि मंडी की क्षमता 500 वाहनों की है, लेकिन सोमवार को लगभग 450 ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहन अपनी उपज लेकर पहुंचे। इस कारण किसानों को मंडी परिसर में जगह-जगह रुकावट और भीड़भाड़ का सामना करना पड़ा। सोयाबीन के भाव अलग-अलग रहे। किसानों को न्यूनतम ₹2,000 प्रति क्विंटल का भाव मिला, जबकि उच्चतम भाव ₹5,735 प्रति क्विंटल तक पहुंचा। कई किसान बेहतर दरों की उम्मीद में देर शाम तक मंडी में रुके रहे। मंडी प्रबंधन के अनुसार, अचानक बढ़ी भीड़ ने व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है। हालांकि, सुचारू परिवहन और तौल प्रक्रिया तय करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। किसानों ने मांग की है कि छुट्टी के बाद अक्सर होने वाली इस तरह की भारी आवक के लिए अतिरिक्त प्रबंधन व्यवस्था की जानी चाहिए।


