धार-मनावर रोड पर शुक्रवार शाम अमझेरा और केशवी के बीच एक सड़क हादसे में 12वीं कक्षा के छात्र तरुण (पिता श्यामलाल, निवासी बागलिया, मनावर) की मौत हो गई। एक अज्ञात बस ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। बाइक चला रहा राजू मामूली रूप से घायल हुआ है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कई मीटर तक सड़क पर घसीटती चली गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, तरुण और राजू तिरला क्षेत्र में क्रिकेट मैच खेलने गए थे। मैच समाप्त होने के बाद दोनों अपने गांव मनावर लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई। बाइक मृतक का दोस्त चला रहा था
घायल राजू ने बताया कि बस की गति काफी तेज थी। उसने कहा कि अचानक पीछे से आई बस ने टक्कर मार दी, जिससे पीछे बैठे तरुण को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजू को मामूली चोट लगी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस को बुलाया। पुलिस ने घटना सूचना परिजनों को दी। इसके बाद तरुण को तत्काल धार जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखा गया है। मृतक तरुण 12वीं कक्षा का छात्र था।


