धार में अग्रवाल समाज का युवक-युवती परिचय सम्मेलन:मंत्री विजयवर्गीय ने संस्कार आधारित रिश्तों और समाज सेवा की भूमिका पर बल दिया

अखिल भारतीय अग्रवाल समाज युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन धार में मध्यप्रदेश अग्रवाल महासभा जिला धार द्वारा किया गया। इसमें बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने मंच से अपना परिचय दिया और भावी वैवाहिक संबंधों पर चर्चा की। इस आयोजन को समाज सेवा की दिशा में एक प्रभावी पहल बताया गया। मुख्य अतिथि नगरीय प्रशासन मंत्री एवं धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि रिश्ते चमड़ी और दमड़ी देखकर नहीं, बल्कि संस्कार देखकर करने चाहिए, क्योंकि संस्कार ही जीवनभर रिश्तों को संभालते हैं। उन्होंने परिचय सम्मेलन को हिंदू संस्कृति की प्राचीन परंपरा और समाज को जोड़ने वाला सशक्त माध्यम बताया। 750 प्रत्याशी परिवार उपस्थित रहे
सम्मेलन में पहले से पंजीकृत 1067 प्रविष्टियों में से 750 से अधिक प्रत्याशी परिवार उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, लगभग 250 नए पंजीयन भी किए गए। यह प्रदेश का पहला हाईटेक परिचय सम्मेलन था, जिसका लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे हजारों लोगों ने ऑनलाइन देखा। आयोजन की व्यवस्थाओं की चारों ओर सराहना की गई। पंजीयन, परिचय पत्रिका, भोजन, आवास, चिकित्सा सेवा और समन्वय कक्ष सहित प्रत्येक व्यवस्था के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। मध्यप्रदेश के साथ-साथ महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और अन्य राज्यों से आए प्रत्याशी व अभिभावक इन व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखे। कार्यक्रम का संचालन प्रद्युम्न जैन ने किया। सम्मेलन की योजना से लेकर समन्वय तक महिलाओं की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। इस अवसर पर बबनलाल अग्रवाल, अनंत अग्रवाल, मनोहरलाल अग्रवाल, गोपीकिशन अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, आशीष गोयल, दीपक अग्रवाल, मुरली अग्रवाल, डॉ. उमेश मित्तल, डॉ. के.सी. जिंदल, वल्लभ अग्रवाल, संजय अग्रवाल, महेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे। यह जानकारी मीडिया प्रभारी श्याम मंगल एवं अशोक मित्तल ने दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *