धार में चाइनीज मांझे से स्टूडेंट घायल:गले में कट लगा; प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम उपयोग हो रहा

धार में चाइनीज मांझे के कारण एक बार फिर खतरनाक घटना सामने आई। शुक्रवार को देवजी मार्ग पर स्कूल जा रहे अभय कौशल के गले में अचानक धारदार मांझा फंस गया। इससे अभय साइकिल से लड़खड़ा गया। उसके दोस्त ने तुरंत मांझा हटाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, अभय के गले पर लंबा और गहरा कट लग गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए। शहर में चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध होने के बावजूद इसका उपयोग जारी है। भक्तांबर, हटावाड़ा और आसपास की कॉलोनियों में बच्चे और किशोर शाम के समय खुलेआम पतंग उड़ाते हुए मांझा इस्तेमाल करते देखे जा सकते हैं। कुछ दिन पहले इसी मांझे के कारण एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुआ था, जबकि हटावाड़ा क्षेत्र में एक बालक की मौत भी हुई थी। इन घटनाओं को देखते हुए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने हाल ही में जनसुनवाई के बाद चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध लगाया और इसकी निगरानी के लिए जांच दल भी गठित किया। बावजूद इसके, बाजारों में मांझे की उपलब्धता और गलियों में खुलेआम उपयोग प्रतिबंध के पालन पर सवाल खड़े कर रहे हैं। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश के अनुसार, प्रदेश के 14 जिलों में चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है। इनमें इंदौर, देवास, उज्जैन, रतलाम, नीमच, मंदसौर, आगर मालवा, शाजापुर, राजगढ़, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन और बड़वानी शामिल हैं। धार में लगातार बढ़ते मामले स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का कारण बन रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *