धार में छोटे ने बड़े भाई को मार डाला, गिरफ्तार:खाना विवाद में धारदार हथियार से हमला किया था

धार जिले के अमझेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भाटीखोदरा में पारिवारिक विवाद के चलते छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिए हैं। अमझेरा थाना प्रभारी राजू मकवाना ने बताया कि 1 जनवरी 2025 को फरियादी लक्ष्मण पिता बच्चू सिंगार (उम्र 30 वर्ष), निवासी भाटीखोदरा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी के अनुसार, उसकी काकी शाम करीब 4 बजे गाय को चारा डालने गई थीं। इसी दौरान उन्होंने अपने पति थावरिया को घर से निकलकर खेत की ओर जाते हुए देखा। जब परिजन घर के सामने बने ठालिये में पहुंचे तो जेठ कैलाश उर्फ प्रहलाद खून से लथपथ अवस्था में मृत पड़े मिले। सूचना मिलने पर अमझेरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि मृतक कैलाश उर्फ प्रहलाद पिता रूपसिंह सिंगार (उम्र 60 वर्ष) और उसका छोटा भाई थावरिया पिता रूपसिंह सिंगार (उम्र 55 वर्ष) के बीच घरेलू बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी खाना खाने को लेकर दोनों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान आरोपी थावरिया ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। फरियादी की रिपोर्ट पर अमझेरा थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। आरोपी की तलाश शुरू की गई। थाना प्रभारी राजू मकवाना ने बताया कि सूचना के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गेती का लकड़ी का हत्ता और एक दराता बरामद कर जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *