धार जिले के उमरबन क्षेत्र के ग्राम जामला में आज (शनिवार) एक गंभीर मामला सामने आया है। पारिवारिक जमीनी विवाद के चलते दबंगों ने एक मासूम 17 वर्षीय किशोरी के साथ मारपीट की और उसके घर को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित परिवार के अनुसार, यह विवाद पुश्तैनी जमीन को लेकर है। घटना के समय किशोरी पूजा घर में अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य एक कार्यक्रम में बाहर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने घर में घुसकर किशोरी के साथ मारपीट की, जिससे वह मानसिक रूप से सहमी हुई है। पीड़ितों का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने घर में आग लगा दी। इस आगजनी में घर का सारा सामान, कपड़े और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उमरबन चौकी पहुंचे तो भगा दिया
परिवार का कहना है कि घटना के तत्काल बाद जब वे न्याय की उम्मीद में उमरबन चौकी पहुंचे, तो उनकी शिकायत सुनने के बजाय उन्हें वहां से भगा दिया गया। पुलिस की इस कथित कार्यप्रणाली को लेकर पीड़ित परिवार ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस से निराश होकर पीड़ित परिवार ने धार पुलिस अधीक्षक कार्यालय का रुख किया। उन्होंने वहां एक लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। आवेदन में विनोद पिता मुन्ना, मुन्ना पिता राम सिंह और हरी पिता राम सिंह पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें कानून का कोई डर नहीं है। उन्होंने मासूम किशोरी के साथ मारपीट और घर जलाने जैसी गंभीर घटना के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


