बीजेपी महिला पदाधिकारी और कांग्रेस पार्षद में बहस:रतलाम में पानी के लिए दूसरे दिन सड़क पर बैठे लोग; 2 घंटे किया प्रदर्शन

रतलाम शहर के पटरी पार क्षेत्र में पानी की किल्लत लगातार बनी हुई है। पीने का पानी नहीं मिलने पर रहवासियों को गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। दूसरे दिन शनिवार को वार्ड नंबर 2 लक्ष्मणपुरा क्षेत्र के लोग आक्रोशित हो उठे। सड़क पर बैठ चक्काजाम कर दिया। रहवासियों के साथ कांग्रेस पार्षद कविता महावर भी रोड पर बैठ गई। महापौर, नगर निगम कमिश्नर के साथ विधायक के खिलाफ भी नारेबाजी की। लोगों के आक्रोश की सूचना पर डिप्टी कमिश्नर करुणेश दंडोतिया, थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी व पुलिस बल पहुंचा। डिप्टी कमिश्नर ने शनिवार रात 8 बजे तक नल से जलप्रदाय होने की बात कही। इस दौरान पीने के पानी के लिए निगम से दो टैंकर व फायर लॉरी भी बुलाई। रहवासियों को इससे पानी भरने को कहा लेकिन लोगों का कहना था कि टैंकर का पानी बहुत गंदा है। कीचड़ युक्त पानी आ रहा है। हमे तो अभी नलों में पानी चाहिए। पिछले 8 दिन से परेशान हो रहे है। महापौर को बुलाने की जिद पर अड़े
काफी देर तक निगम अधिकारी समझाते रहे लेकिन रहवासी मानने के लिए तैयार नहीं थे। रहवासी महापौर को बुलाने की मांग पर अड़े। कहने लगे कि जब तक महापौर नहीं आएंगे। हम यहां से नहीं उठेंगे। महापौर को सुबह से फोन लगा रहे है, लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं कर रहे है। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन के बाद रहवासी माने। इसके बाद ही उन्होंने चक्काजाम खत्म किया। बीजेपी पदाधिकारी व कांग्रेस पार्षद उलझी
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र की भाजपा महिला पदाधिकारी किरण महावर भी प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच पहुंची। रहवासियों को कहा कि प्रदर्शन खत्म कर दो। टेक्निकल समस्या के कारण दिक्कत आ रही है। इसमें महापौर व कमिश्नर किया करेंगे। कांग्रेस पार्षद बरगला रही है। इस बात पर क्षेत्रीय पार्षद व रहवासियों की बीजेपी पदाधिकारी किरण महावर से जमकर तू-तू मैं-मैं व बहस हो गई। लोगों ने कहा कि आप महापौर की तरफदारी करने आई हो तो उनको को बुला लीजिए। कांग्रेस पार्षद महापौर व बीजेपी मुर्दाबाद के नारे लगाने लगी तो महिला पदाधिकारी बोली की यह लोग यहीं कर सकते है। हंगामा बढ़ने व रहवासियों के आक्रोश के चलते बीजेपी महिला पदाधिकारी को वहां से चुपचाप लौटना पड़ा। पार्षद बोली- महापौर को कॉल लगाया रिसीव नहीं किया
कांग्रेस पार्षद कविता महावर ने कहा कि पटरी पार क्षेत्र में 8 दिन से समस्या है। मजदूर वर्ग क्षेत्र है। टैंकर व अन्य साधन से पानी पहुंचाया जा रहा है, लेकिन पानी बहुत गंदा व मटमैला आ रहा है। जो पीने लायक नहीं है। सुबह से महापौर को 8 से 10 बार मैंने और पति ने फोन लगाए हैं लेकिन वह अपनी जिम्मेदारी नहीं समझ रहे है। विधायक व महापौर ने रोज पानी देने की बात कही है। लेकिन 15 दिन भी सही समय पर पानी नहीं मिल रहा है। जनता एक दिन लेट होती है तो 50 रुपए पेनल्टी ली जाती है। इतने दिन से पानी नहीं मिल रहा है तो एक माह का बिल माफ किया जाए। रहवासी वर्षा राठौर ने कहा कि पिछले 8 दिन से पानी नहीं मिल रहा है। महीने में जब इच्छा होती है तो तब जलप्रदाय किया जाता है। पानी नहीं मिलने पर सड़क पर आकर बैठना पड़ा। हमे महापौर जवाब दे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *