धार के कुक्षी में 20 हथियारबंद डकैत एक परिवार को बंधक बनाकर करीब 6 लाख का सामान ले गए। 20 में से 10 बदमाश मोहल्ले में अलग-अलग मकानों के सामने खड़े हो गए। बाकी 10 मेन गेट तोड़कर घर के अंदर घुसे। पुरुषों से मारपीट की। महिलाओं को डरा-धमकाया। डेढ़ किलो चांदी, नई एलईडी टीवी, तीन मोबाइल फोन छीनकर भाग निकले। जाते समय बाड़े में बंधी बकरियां भी ले गए। वारदात महाकालपुरा गांव में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब साढ़े 12 बजे की है। बाग थाना पुलिस केस दर्ज कर डकैतों की तलाश में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, महाकालपुरा गांव में रहने वाले रमेश सिसोदिया का परिवार मंगलवार रात भोजन के बाद सोने चला गया। आधी रात को घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर 10 अज्ञात बदमाश अंदर घुस आए। उनके 10 साथी मोहल्ले में अलग-अलग घरों के बाहर खड़े रहे, ताकि पड़ोसी सिसोदिया परिवार की मदद के लिए बाहर न आ सकें। परिजन को हथियार दिखाकर धमकाया
घर में घुसे बदमाशों ने सबसे पहले रमेश को घेर लिया। उसे पीटने लगे। आवाज सुनकर अन्य परिजन आए तो डकैतों ने उन्हें हथियार दिखाकर धमकाया। रमेश की पत्नी चतुर बाई, मां भूरीबाई और बहू मीरा को गहने निकालने के लिए कहा। डकैतों ने भूरी बाई की लोहे की पेटी में रखी डेढ़ किलो चांदी, नई एलईडी टीवी, परिजन के तीन मोबाइल ले लिए। फिर सबको एक कमरे में बंद कर दिया। भागते समय बकरियों को उठा ले गए। पड़ोसियों के घरों पर पत्थरबाजी की
रमेश सिसोदिया ने बताया कि डकैत कुल 6 लाख रुपए की संपत्ति ले गए हैं। उन्होंने पड़ोसियों के घरों पर पत्थरबाजी की। दहशत की वजह से लोग बाहर नहीं निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। डकैतों को पकड़ने टीम बनाई
बाग थाना प्रभारी कैलाश चौहान ने बताया- पुलिस रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गई थी। डकैतों को तलाशने के लिए टीम बनाई गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ये खबर भी पढे़ं… ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश, बदमाश ने गोली चलाई भोपाल के रोहित नगर में अक्षांश ज्वेलर्स शॉप में सोमवार दोपहर लूट का प्रयास हुआ। एक नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचा और सोने की चेन दिखाने को कहा। दुकान मालिक ने नकाब हटाने की बात कही तो आरोपी ने पिस्टल निकाल ली। डराने के इरादे से दो फायर किया। शॉप संचालक के साथ मारपीट की। पढ़ें पूरी खबर…


