धार में सीसीटीवी निगरानी मजबूत:एनवीआर कैमरों की रिपेयरिंग जारी, अपराधों पर नजर

धार शहर में अपराधों पर नियंत्रण और गतिविधियों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क लगातार मजबूत किया जा रहा है। शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त इलाकों में पहले से ही कैमरे स्थापित हैं। आवश्यकतानुसार नए कैमरे लगाने के लिए अधिकारियों द्वारा जल्द ही निरीक्षण कर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वर्तमान में, त्रिमूर्ति चौराहे के सिग्नल पर लगे एनवीआर (ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन) कैमरों की मरम्मत का कार्य जारी है। भोपाल से मिले निर्देशों के बाद रेडियो विभाग ने यह कार्य शुरू किया है। सिग्नल संबंधी समस्याओं के कारण कुछ कैमरे ठीक से काम नहीं कर रहे थे, जिन्हें अस्थायी रूप से हटाकर सुधारा जा रहा है। मरम्मत पूरी होने के बाद इन कैमरों को पुनः स्थापित किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, जहां से भी मरम्मत के निर्देश प्राप्त होंगे, वहां यह कार्य लगातार जारी रहेगा ताकि निगरानी व्यवस्था में कोई कमी न आए। वर्तमान में धार शहर में कुल 161 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनमें पीटीजेड (पैन-टिल्ट-जूम) कैमरे भी शामिल हैं। ये कैमरे यातायात, संदिग्ध गतिविधियों और अपराधों पर चौबीसों घंटे नजर रखते हैं। शहर के अतिरिक्त, जिले की सीमाओं पर भी एनवीआर कैमरे स्थापित किए गए हैं। इनका उद्देश्य जिले में प्रवेश करने वाले और बाहर जाने वाले वाहनों तथा व्यक्तियों पर निगरानी रखना है, जिससे बाहरी अपराधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। पर्यटन नगरी मांडू में 101 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में 137 कैमरे उद्योगों, श्रमिकों और यातायात की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार, नियमित जांच और मरम्मत के साथ भविष्य में आवश्यकतानुसार नए कैमरे भी लगाए जाएंगे, ताकि धार शहर और जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *