धार वन मंडल में मंगलवार को एशियाई जलपक्षी जनगणना-2026 के तहत जलीय पक्षी गणना का कार्य पूरा हो गया है। इस दौरान कुल 88 प्रजातियों के 2430 जलीय पक्षी दर्ज किए गए। वन मंडल अधिकारी विजयानंथम टी.आर. के निर्देशन में यह गणना की गई। इसमें धार वन मंडल के 7 वन परिक्षेत्रों में स्थित 27 स्थलों, जिनमें तालाब, डेम और नदियां शामिल हैं, पर पक्षियों की गिनती की गई। इस जनगणना में कुल 85 सदस्यों ने भाग लिया। इनमें वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पक्षी विशेषज्ञ और स्थानीय ग्रामीण शामिल थे। नोडल अधिकारी एवं उप वन मंडल अधिकारी सरदारपुर संतोष कुमार रनशोरे के निर्देशन में धार, धामनोद, मांडव, सरदारपुर, टांडा, बाग और कुक्षी क्षेत्रों में यह कार्य हुआ। गणना कार्य में डॉ. शैलेन्द्र सोलंकी, सचिन सयदे, होशियारसिंह कन्नौजे और संगीता रावत का विशेष योगदान रहा। दर्ज किए गए 88 प्रजातियों के 2430 जलीय पक्षियों में इंडियन स्पॉट-बिल्ड डक, यूरेशियन मूरहेन, सारस क्रेन, रेड-वॉटल्ड लैपविंग, व्हाइट-थ्रोटेड किंगफिशर, एलेक्जेंड्राइन पैराकीट, एशी प्रिनिया, एशियन ग्रीन बी-ईटर, ब्लैक ड्रोंगो, रेड-वेंटेड बुलबुल और पर्पल-रम्प्ड सनबर्ड प्रमुख हैं। वन मंडल अधिकारी ने बताया कि पूरी गणना ई-बर्ड (eBird) एप के माध्यम से की गई। इससे जिले की जैव विविधता और पक्षी संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े संकलित हुए हैं।


