धूल-दुर्घटनाओं से परेशान लोगों ने मृत्यु की इच्छा जताई:सीसीएल के पिपरवार क्षेत्र के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर स्थानीय लोगों ने बताई पीड़ा

रांची के खलारी प्रखंड अंतर्गत पिपरवार क्षेत्र में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। सीसीएल के कोयला खदान से निकलने वाले कोयला सहित बालू लदे हाइवा से उड़ती धूल और दुर्घटना से परेशान लोगों ने मृत्यु की इच्छा जताई है। बचरा बाजारटांड़ राम जानकी मंदिर के आसपास के लोगों ने क्षेत्र की मुखिया के पति रवीन्द्र सिंह पर डिवाइडर का काम रोकने का आरोप लगाते हुए सीसीएल के पिपरवार क्षेत्र के महाप्रबंधक को पत्र लिखा है। अरुण कुमार सिंह, नंदकिशोर प्रसाद सहित अन्य लोगों द्वारा लिखे पत्र में कहा गया है कि कोयला की उड़ती धूल और आए दिन होने वाली दुर्घटना को रोकने के लिए क्षेत्र के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। लोगों ने पिपरवार प्रबंधन को पत्र सौंपकर डिवाइडर की ऊंचाई बढ़ाने का आग्रह किया था। साथ में फुटपाथ बनाने की मांग की गई थी। प्रबंधन की पहल पर डिवाइडर को ऊंचा करने का काम शुरू किया गया, लेकिन मुखिया पति ने यह काम रुकवा दिया है। ऐसे में स्थानीय लोगों की परेशानी कम नहीं होगी। लोगों ने काम नहीं होने की स्थिति में मृत्यु की अनुमति मांगी है। इधर, मामला सामने आने के बाद सीसीएल के पिपरवार क्षेत्र के महाप्रबंधक ने पूरे मामले की जांच का निर्देश दे दिया है। डिवाइडर बनाने पर दो गुट में बंटे लोग बचरा बाजारटांड़ क्षेत्र में बन रहे डिवाइडर और फुटपाथ पर स्थानीय लोग दो गुट में बंट गए हैं। एक गुट डिवाइडर की ऊंचाई बढ़ाने और दूसरा गुट पूर्व की तरह ऊंचाई रखने की मांग कर रहा है। इसके पीछे तर्क किया गया है कि डिवाइडर ऊंचा होने से स्थानीय लोगों को परेशानी होगी। क्योंकि, उक्त स्थल पर मंदिर, स्कूल, बालिका विद्यालय सहित आवासीय क्षेत्र है। डिवाइडर की ऊंचाई बढ़ने से सड़क पार करने में दिक्कत होगी। जबकि, दूसरे गुट का कहना है कि डिवाइडर की ऊंचाई कम होने की वजह से लोग आसानी से सड़क पार कर लेते हैं। इससे आए दिन दुर्घटना होती है। सड़क पर फुटपाथ नहीं होने से पैदल चलने वालों को दिक्कत होती है। कोयला की धूल से पूरा क्षेत्र परेशान है। सांस की बीमारी हो रही है। सभी आरोप बेबुनियाद है, यह साजिश है… ^मेरे ऊपर काम रोकने का आरोप लगाया गया है जो पूरी तरह बेबुनियाद है। बचरा बाजार टांड के ही कुछ लोगों ने पिपरवार प्रबंधन को पत्र लिखकर डिवाइडर की ऊंचाई कम करने की मांग की थी। इस वजह से काम बंद हुआ होगा। यह मुझे बदनाम करने की साजिश है।
– रवीन्द्र कुमार सिंह, मुखिया पति पत्र मिला है, जांच कर कार्रवाई करेंगे… मेरे मोबाइल पर कुछ लोगों का पत्र आया है। बाजारटांड़ में काम हो रहा था, अभी क्यों रोका गया है, फिलहाल कुछ नहीं कह सकता हूं। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उक्त स्थल पर जो भी उचित होगा, वह कार्रवाई होगी।
– संजीव कुमार, महाप्रबंधक, सीसीएल पिपरवार बचरा बाजारटांड़ में बन रहे डिवाइडर की ऊंचाई बढ़ाने की मांग पर अड़े लोग

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *