सरसींवा| सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की ग्राम पंचायत धोबनी से बेलाडुला को जोड़ने वाला मुख्य सड़क मार्ग काफी खराब हो चुका है। सड़क पर जगह‑जगह बड़े गड्ढे हैं, जिससे इस रास्ते से गुजरने वाले स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि धोबनी से बेलाडुला पहुंच मार्ग कई वर्षों से खराब स्थिति में है। गड्ढों की वजह से आए दिन वाहन फंस रहे हैं और दुर्घटनाएं हो रही हैं। बरसात के दौरान हालात और गंभीर हो जाते हैं। आसपास के गांवों के लोगों ने शासन‑प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत या नई सड़क बनाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अब देखना है कि खबर के प्रसारित होने के बाद प्रशासन इस ओर ध्यान देता है या फिर उन्हें इसी जर्जर सड़क से गुजरना पड़ेगा।


