धोरीमन्ना पुलिस थाने में आपसी लेनदेन के बाद दो युवकों का अपहरण करने का मामला दर्ज हुआ है। आरोप लगाया कि आरोपियों ने 10 लाख की फिरौती मांगी। पुलिस ने करीब 18 दिन बाद सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 28 नवंबर 2025 की है, जब धोरीमन्ना कस्बे में एक कैफे के बाहर खड़े दो युवकों को उनके ही साथी दोस्तों ने पहले बुलाया और फिर अपहरण कर गाड़ी में डाल दिया और ले गए। छुड़ाने के लिए परिजनों से 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। अपहरणकर्ताओं ने एक युवक को गौड़ा गांव के पास छोड़ दिया था, जबकि दूसरे युवक को 15 घंटे बाद जैसलमेर में छोड़ा। पुलिस ने अब पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी दीपसिंह चौहान के नेतृत्व में एएसआई लाखाराम मायला मय टीम ने अब अपहरण के मामले में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। विवाद के बाद सबक सिखाने को अपहरण पुलिस के मुताबिक श्रीराम सहित अन्य आरोपी और बुधराम दोस्त थे। लंबे समय से एक साथ उठना-बैठना था, लेकिन कुछ समय से दोनों के बीच लेनदेन के कारण अनबन थी। श्रीराम विश्नोई ने अपने साथियों के साथ बुधराम को सबक सिखाने की ठानी। अपहरण कर धमकाया और रुपयों की डिमांड की। अपहरण के बाद पहले गौड़ा फिर कारटिया होते हुए बुधराम को जैसलमेर ले गए। दूसरे दिन पुलिस के डर से जैसलमेर में बुधराम को छोड़ दिया और सभी फरार हो गए। पुलिस की टीमें लगातार तलाश कर रही थी। इसके बाद अब पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें श्रीराम पुत्र वीरमाराम निवासी सोनड़ी, भभूताराम पुत्र पदमाराम विश्नोई निवासी कबूली, नरेश कुमार पुत्र मोहनलाल निवासी सोनड़ी, अनिल पुत्र मोहनलाल निवासी सोनड़ी, दिनेश कुमार पुत्र पूनमाराम विश्नोई निवासी राणासर खुर्द को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस टीम में एएसआई लाखाराम, कांस्टेबल आसूराम, जोगेंद्र, ओमप्रकाश व मोहनलाल का सहयोग रहा।


