प्रतापगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत कार्रवाई करते हुए धोलापानी थाना क्षेत्र से 11.97 ग्राम एमडी जब्त की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आसिफ अजमेरी (28) और मोसीन (25) के रूप में हुई है। दोनों प्रतापगढ़ जिले के हथुनिया थाना क्षेत्र के बागलिया निवासी हैं। आसिफ अजमेरी वर्तमान में घोटारसी में रह रहा था। यह कार्रवाई 9 दिसंबर को धोलापानी थानाधिकारी और उनकी टीम द्वारा नाकाबंदी के दौरान की गई। तलाशी के दौरान मोसीन की पैंट से एक पारदर्शी पॉलीथीन की थैली मिली, जिसमें मटमैले रंग का पदार्थ भरा हुआ था। जांच के बाद इस पदार्थ की पहचान एमडी के रूप में हुई, जिसका कुल वजन 11.97 ग्राम था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एमडी और बाइक जब्त कर ली है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ बी. आदित्य के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक वृत्त छोटीसादड़ी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में, थानाधिकारी धोलापानी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में हुई।


