धौलपुर एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को गुलाब बाग चौराहे पर बिना नंबरी और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान एक दर्जन से अधिक बिना नंबरी वाहनों के चालान काटे गए। अभियान में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों पर भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। ट्रैफिक इंचार्ज सब इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी लोगों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की। बलविंदर सिंह ने कहा कि नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सकेगी और सुरक्षित यातायात व्यवस्था कायम होगी। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने जागरूकता भी फैलाई और लोगों से नियमित रूप से वाहन दस्तावेज रखने, नंबर प्लेट लगाने और हेलमेट पहनने की अपील की।


