धार जिले के मोहनपुरा गांव में आवारा कुत्तों का आतंक सामने आया है। शनिवार सुबह घर के बाहर खेल रही 9 वर्षीय रवीना पर एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची को पकड़कर घसीटने की कोशिश की। बच्ची की चीख सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाया। हमले में रवीना के पैर में गहरे दांतों के दो निशान पड़ गए, जिससे खून बहने लगा। परिजन तुरंत उसे जिला अस्पताल ले गए। जिला अस्पताल के डॉक्टर राहुल निगवाल ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को तत्काल एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है, लेकिन कुछ दिनों तक उसे निगरानी में रखा जाएगा। रवीना के पिता गोविंद ने बताया कि मोहनपुरा और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई बार शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद इन कुत्तों को पकड़ने या नियंत्रित करने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने, उनका टीकाकरण करने और उनकी बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए तत्काल अभियान चलाया जाए, ताकि बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


