जयपुर डिस्कॉम के धौलपुर डिविजन में पुराने कटे हुए बिजली कनेक्शनों के बकायेदारों से राजस्व वसूली के लिए ‘ऑपरेशन PDC’ अभियान शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य पुराने बकायेदारों को चिन्हित कर उनके बकाया बिल वसूलना है। अधीक्षण अभियंता (XEN) विवेक शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत ऐसे उपभोक्ताओं और उनके परिसरों की जांच की जा रही है, जिन पर लंबे समय से बकाया राशि चल रही है। इस अभियान में डिस्कॉम की चार टीमों ने 60 PDC (परमानेंटली डिस्कनेक्टेड) उपभोक्ताओं के परिसरों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान यदि बिजली चालू पाई गई, तो 15 VCR (वॉयलेशन कम रिपोर्ट) भरी गई। जिन परिसरों पर नए कनेक्शन हो चुके हैं, उन्हें पुराने बकाया बिल जमा करने के लिए नोटिस जारी किया जा रहा है। बकाया राशि जमा न करने पर उनके नए कनेक्शन भी काटे जाएंगे। XEN विवेक शर्मा ने बताया कि पुराने बकायेदारों की पहचान JVVNL के सॉफ्टवेयर की मदद से की जा रही है। विभाग के अभियंता और कर्मचारी लगातार बकायेदारों से संपर्क कर बकाया राशि जमा करने का आग्रह कर रहे हैं। इस कार्रवाई में XEN धौलपुर विवेक शर्मा, AEN धौलपुर शहर सुमन कुमारी, AEN राजाखेड़ा आनंद तिवारी, JEn मयंक मिश्रा, JEn विशाल जायसवाल और JEn रणवीर सिंह सहित अन्य बिजली कर्मी मौजूद रहे।


