धौलपुर एसपी सुमित मेहरड़ा ने गुरुवार रात को तबादला सूची जारी कर जिले के 307 कॉन्स्टेबलों के तबादले किए हैं। 2 दिन पूर्व एसपी ने 100 कॉन्स्टेबलों के तबादले किए थे। एसपी द्वारा जारी की गई तबादला सूची के बाद धौलपुर जिले के थानों की सूरत बिल्कुल बदल चुकी है। दो दिन पूर्व एसपी ने 100 पुलिसकर्मियों के तबादले किए थे। जिसके बाद से सभी थानों और चौकियों के पुलिसकर्मियों के बदलने के कयास लगाई जा रहे थे। देर रात को एसपी ने 307 कॉन्स्टेबलों की तबादला सूची जारी कर कई थानों के पुलिसकर्मियों को मुख्यालय से बाहर ग्रामीण क्षेत्र के थानों पर तैनात किया है। एसपी द्वारा जारी की गई तबादला सूची में पुलिस लाइन में तैनात कॉन्स्टेबलों को भी थानों पर नियुक्ति दी गई है। वहीं दूसरी ओर जिन कॉन्स्टेबलों को मौखिक रूप से दूसरे स्थान पर लगाया गया था। उनके भी आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिले में पिछले दो दिन में 407 कॉन्स्टेबलों के तबादले हो चुका हैं। तबादलों पर बैन लगने का आज अंतिम दिन है। ऐसे में आज देर रात तक हेड कॉन्स्टेबल और एएसआई स्तर के अधिकारियों के भी तबादलों के जल्द होने के आसार दिख रहे हैं। भरतपुर पुलिस महानिरीक्षक द्वारा रेंज की तबादला सूची जारी होने के बाद कई थानों के थाना प्रभारी भी बदले जाएंगे।


