धौलपुर में अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी सुमित मेहरड़ा के निर्देशन में डीएसटी टीम ने यह अभियान चलाया। टीम इंचार्ज प्रेमसिंह चौधरी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। सदर, कौलारी, कोतवाली और मनियां थाना क्षेत्र में डीएसटी टीम ने 15 से अधिक अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को खाली करवाया। कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर का ड्राइवर अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया। टीम ने एक बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। डीएसटी इंचार्ज प्रेम सिंह, हेड कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार और लोकेश शर्मा की टीम की ओर से की गई कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


