धौलपुर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई की है। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। दोनों मामलों में आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के देसी कट्टे बरामद हुए हैं। कौलारी थाना पुलिस ने थाना प्रभारी हरिनारायण मीणा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। टीम ने टहरी से मानपुर जाने वाले रास्ते पर स्थित श्मशान घाट के पास से 53 वर्षीय केदार सिंह पुत्र शंकर सिंह को गिरफ्तार किया। केदार सिंह ठेकुली का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। केदार सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरी कार्रवाई कोतवाली थाना पुलिस ने की। थाना प्रभारी वीरेंद्र मीणा के निर्देशन में एएसआई भरत मीणा की टीम ने पेंच वाले हनुमान जी मंदिर के पास से 19 वर्षीय हरिओम पुत्र रामवीर को गिरफ्तार किया। हरिओम बिछिया का निवासी है।
आरोपी हरिओम के कब्जे से भी 315 बोर का एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। दोनों मामलों में पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से अवैध हथियारों के स्रोत और उनकी किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।


