धौलपुर जिले की आशा सहयोगिनियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम 5 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है। यह ज्ञापन जिला आशा कर्मचारी संघ की जिला अध्यक्ष सुमन शर्मा के नेतृत्व में भाजपा विधानसभा प्रत्याशी नीरजा अशोक शर्मा (राजाखेड़ा, धौलपुर) के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। ज्ञापन में आशा सहयोगिनियों ने बताया कि वे वर्तमान में अल्प मानदेय पर कार्य कर रही हैं, जिससे उनके परिवारों का जीवन-यापन कठिन हो गया है। उन्होंने मांग की है कि उन्हें राज्य कर्मचारी घोषित किया जाए। जब तक यह संभव न हो, तब तक उनका मासिक मानदेय बढ़ाकर न्यूनतम 18,000 रुपए किया जाए। आशा सहयोगिनियों ने यह भी अवगत कराया कि आशा सॉफ्ट का भुगतान अक्टूबर 2023 से लंबित चल रहा है, जिसे नियमित रूप से हर माह जारी किया जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अपने पद का नाम बदलकर “सहायक एएनएम” करने की मांग भी रखी। अन्य मांगों में सेवानिवृत्ति के पश्चात आशा सहयोगिनियों के लिए पांच लाख रुपए का फंड और पेंशन सुविधा उपलब्ध कराना शामिल है। साथ ही, आयुष्मान कार्ड निर्माण व वितरण के कार्य का लंबित भुगतान भी शीघ्र करवाने की मांग की गई है।
इस अवसर पर जिला आशा कर्मचारी संघ की जिला अध्यक्ष सुमन शर्मा, आशा यूनियन के प्रभारी पवन तिवारी सहित बड़ी संख्या में आशा सहयोगिनियां मौजूद रहीं। इनमें माया देवी, पुष्पा, बबीता, रेखा, राधा श्रीवास्तव, ममता, सुनीता और चमेली प्रमुख थीं। आशा सहयोगिनियों ने सरकार से अपनी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा व्यक्त की है।


