धौलपुर जिले में शुक्रवार से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। शुक्रवार को जहां दिन भर कोहरे छाया रहा, तो वहीं रात के समय विजिबिलिटी 10 मीटर तक रह गई। शनिवार सुबह कोहरा छंटने के साथ ही बादलों ने डेरा जमा लिया है। जिससे बारिश के आसार बन रहे हैं। शुक्रवार की तुलना में शनिवार को धौलपुर जिले के न्यूनतम तापमान में जहां बढ़ोतरी देखी गई है, तो वहीं अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जिले का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 10 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं अधिकतम तापमान में 6.7 डिग्री की गिरावट देखी गई है। जिले का अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक मकर संक्रांति तक जिले में बारिश के आसार बन रहे हैं। जिससे लोगों को और भी अधिक सर्दी का एहसास होगा। पश्चिमी विक्षोभ के चलते जिले में बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम के बिगड़े मिजाज के चलते लोग घरों में कैद नजर आए। वहीं शनिवार सुबह से चल रही शीतलहरों ने लोगों को परेशान कर रखा है। आगामी दिनों में मौसम का मिजाज और भी बिगड़ सकता है।


