धौलपुर के सरमथुरा उपखंड स्थित आगई गांव में रविवार रात करीब 10 बजे किसान के गन्ने के खेत में आग लग गई। आग से किसान को 2 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। किसान राजवीर को जैसे ही खेत में आग लगने की जानकारी मिली, वह तुरंत मौके पर पहुंचा। आस-पास के पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। राजवीर के अनुसार आग बेहद भीषण थी। अगर समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं किया जाता तो नुकसान और अधिक हो सकता था। इस घटना में राजवीर को करीब दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उसने इस घटना को साजिश करार दिया है। राजवीर ने घटना की सूचना स्थानीय थाने में दर्ज कराई है। साथ ही पटवारी को भी फोन पर जानकारी दे दी है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग किसने और क्यों लगाई।


