धौलपुर में जमीनी विवाद पर फायरिंग:एक युवक के पैर में लगी गोली, गंभीर घायल; जिला अस्पताल में भर्ती

धौलपुर जिले के बसेड़ी थाना क्षेत्र के हरजुपुरा गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच झड़प और फायरिंग हुई है। इस घटना में एक युवक विपिन के पैर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। विवाद की शुरुआत लाठी-डंडों और पत्थरों से हमले से हुई। बाद में, एक पक्ष की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। घायल विपिन के भाई हरेंद्र ठाकुर ने बताया कि उनका पड़ोसी परिवार से जमीन को लेकर पुराना विवाद है। प्रशासन की देखरेख में जमीन की पैमाइश भी कराई गई थी, लेकिन आरोपी पक्ष इसे मानने को तैयार नहीं है। हरेंद्र के मुताबिक, तीन दिन पहले बसेड़ी के गांधी तिराहे पर भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। उस समय आरोपी पवन, मीनू और विनोद समेत अन्य लोगों ने फायरिंग की थी। इस घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हरेंद्र ने बताया कि रविवार सुबह करीब 9 बजे आरोपी पक्ष के एक दर्जन से अधिक लोग खेतों में पहुंचे। उन्होंने भारी पथराव किया और लगभग 20-25 राउंड फायरिंग की। इसी फायरिंग के दौरान विपिन के पैर में गोली लग गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गंभीर रूप से घायल विपिन को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *