जयपुर डिस्कॉम ने धौलपुर जिले में मीटर हेल्थ जांच का विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत 17 VCR (विद्युत चोरी रिपोर्ट) भरकर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जिलेभर के कस्बों में संदिग्ध मीटरों की जांच की गई। इस अभियान के लिए 10 टीमें गठित की गईं, जिनमें 14 अभियंता शामिल थे। इन टीमों ने कुल 88 मीटरों की हेल्थ जांच की। जांच का मुख्य उद्देश्य मीटर के अंदर किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ का पता लगाना था। जांच के दौरान मीटरों में सीधे तौर पर छेड़छाड़ के मामले तो सामने नहीं आए, लेकिन केबल कट के 5, अवैध जम्पर के 9 और मिस यूज के 3 मामले पकड़े गए। इन सभी मामलों में बिजली चोरी पाई गई। इस कार्रवाई से बिजली चोरों में हड़कंप मच गया। XEN विवेक शर्मा ने बताया कि तकनीक और मासिक विद्युत खपत के आधार पर भी उपभोक्ताओं के परिसरों और मीटरों की लगातार जांच कराई जा रही है। डिस्कॉम बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर कार्रवाई कर रहा है। जानकारी के अनुसार, धौलपुर में डिस्कॉम की यह संभवतः पहली बड़ी कार्रवाई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में इस वर्ष धौलपुर शहर में विद्युत छीजत (नुकसान) में 6% की कमी आई है। डिस्कॉम दिन के साथ-साथ रात में भी विजिलेंस कार्रवाई कर रहा है।


