धौलपुर शहर के हरदेव नगर क्षेत्र में सोमवार को एक पागल कुत्ते ने लोगों पर हमला कर दिया। कुत्ते ने क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में घूम-घूमकर लोगों को काटा। इस हमले में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में अधिकांश महिलाएं हैं। कुछ स्कूली बच्चे और बुजुर्ग भी घायलों में शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुत्ता बाजार क्षेत्र में दौड़ता हुआ आया। वह राह चलते लोगों पर झपटने लगा। लोगों को प्रतिक्रिया करने का मौका भी नहीं मिला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मदद के लिए आए, लेकिन कुत्ता इतना आक्रामक था कि किसी के नियंत्रण में नहीं आया। कई महिलाओं को चोटें आई हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


