सैपऊ पार्वती बांध के कैचमेंट एरिया में जोरदार बारिश के कारण रविवार को जल संसाधन विभाग ने दो गेट 2 फीट खोलकर 2107 क्यूसेक पानी पार्वती नदी में रिलीज किया। पानी की आवक शुरू होने से पार्वती नदी से गुजरने वाले कई सड़क मार्गों डूब गए। जिला प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित रहने और नदी के किनारे जाने से परहेज करने की चेतावनी जारी की है। जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर को धौलपुर और करौली जिले में भारी बारिश हुई थी। करौली और डांग क्षेत्र का बारिश का पानी बांध के कैचमेंट एरिया में पहुंच गया। गेज मेंटेनेंस के लिए रविवार को जल संसाधन विभाग ने दो गेट खोलकर पानी छोड़ दिया। लगभग 14 घंटे बाद पानी सैपऊ-बाड़ी रपट मार्ग, मालोनी खुर्द रपट मार्ग, सखवारा रपट मार्ग, ठेकुली रपट मार्ग, रंडोली रपट मार्ग, नागर रपट मार्ग और नादोली रपट मार्ग तक पहुंच गया। इन मार्गों पर दो से तीन फीट तक पानी की चादर बहने लगी है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे नदी और जलमग्न मार्गों से दूर रहें और किसी भी जोखिम से बचें।


