राजस्थान रावत राजपूत महासभा ने रविवार को पिपलाज माता मंदिर नूंदरी (मालदेव मंदिर परिसर) में पारंपरिक शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर धर्मरक्षा, संस्कृति संवर्धन और राष्ट्र रक्षा के लिए शपथ ली गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट लक्ष्मण सिंह पंवार ने की। माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना के साथ अस्त्र-शस्त्रों का विधिवत पूजन माता के पुजारी द्वारा तिलक एवं मौली बांधकर संपन्न किया गया। इस अवसर पर संरक्षण मंडल के सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, प्रदेश सलाहकार एडवोकेट टीकम सिंह चौहान, महासभा कोषाध्यक्ष जवाहर सिंह राजियावास, ब्यावर संभाग उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों और युवाओं ने धर्मरक्षा, संस्कृति संवर्धन और राष्ट्र रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की शपथ ली। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि रावत राजपूत समाज सदैव धर्म और राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने समाज की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने और तलवार के साथ-साथ ज्ञान तथा संस्कार में भी निपुण रहने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जिसमें समाज की एकता और संस्कृति संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया।


