धौलपुर पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रतिबंधित चंबल बजरी से भरे एक ट्रक को जब्त किया। इस कार्रवाई में ट्रक मालिक देवेंद्र सिंह पुत्र पूरन सिंह निवासी धौलपुर को गिरफ्तार किया गया, जबकि ड्राइवर रविकांत उर्फ रवि निवासी इरादत नगर, जिला आगरा (उत्तर प्रदेश) मौके से फरार हो गया। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश सीमा पर कोतवाली थाना क्षेत्र की सागरपाड़ा चौकी द्वारा की गई। पुलिस को ड्राइवर राजेश शर्मा से मिली सूचना के आधार पर मौके पर दबिश दी गई और अवैध रूप से परिवहन की जा रही चंबल बजरी से भरे ट्रक को पकड़ा गया। सागरपाड़ा चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर अशोक पहलवान के नेतृत्व में यह कार्रवाई हुई। पुलिस के अनुसार, चंबल नदी क्षेत्र से बजरी का खनन और परिवहन सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद अवैध रूप से बजरी का परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने फरार ड्राइवर रविकांत उर्फ रवि की तलाश शुरू कर दी है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।


