धौलपुर जिले के राजाखेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात अवैध बजरी परिवहन को रोकने गई पुलिस टीम पर माफिया ने हमला कर दिया। इस हमले में कॉन्स्टेबल रामसहाय के कंधे में गोली लग गई, जिन्हें गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सुमित मेहरड़ा के नेतृत्व में पुलिस की 13 टीमें मौके पर पहुंचीं। माफिया ने पुलिस पर फिर से फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में तीन बजरी माफिया विशाल, सचिन और एक अन्य को गोलियां लगीं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार राजाखेड़ा थाना पुलिस बजरी से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा कर रही थी। इसी दौरान रैकी कर रहे बाइक सवार माफिया ने पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग कर दी। एक गोली पुलिस वाहन का शीशा तोड़ते हुए कॉन्स्टेबल रामसहाय के कंधे में जा लगी। अभियान में सीओ मनियां राजेश शर्मा, सीओ धौलपुर मुनेश मीणा, विभिन्न थानाधिकारी और डीएसटी की टीमें शामिल रहीं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बजरी से भरा ट्रैक्टर और दो बाइकें भी जब्त की हैं। घायल कॉन्स्टेबल का इलाज आगरा में चल रहा है, जबकि घायल माफियाओं को धौलपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


