धौलपुर में बार-ब्रांच खेल प्रतियोगिताएं शुरू:जिला जज संजीव मागो ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए किया प्रेरित

धौलपुर अभिभाषक संघ द्वारा बार-ब्रांच खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव मागो ने मुख्य अतिथि के रूप में इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिला न्यायाधीश संजीव मागो ने कहा कि ऐसे आयोजन बार और ब्रांच के संबंधों को मजबूत करते हैं। उन्होंने खेलों को शारीरिक ऊर्जा और मानसिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश गोयल ने इस पहल को सुखद बताया, जिससे अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारी-कर्मचारियों को खेल प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। एमएसीटी न्यायाधीश प्रीति नायक ने मानसिक तनाव से मुक्ति और शारीरिक क्षमता के विकास के लिए इन आयोजनों को प्रतिवर्ष आयोजित करने पर जोर दिया। अभिभाषक संघ धौलपुर के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि यह पहली बार है जब जिले की सभी बार और ब्रांच के बीच इतने बड़े स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है। इसमें अधिवक्ताओं के साथ न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। उन्होंने इन आयोजनों को प्रतिवर्ष जारी रखने की इच्छा व्यक्त की। उद्घाटन समारोह के दौरान 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनका फाइनल मुकाबला 14 फरवरी को होगा। स्पोर्ट्स वीक के दौरान एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट, कैरम और शतरंज जैसी प्रतियोगिताएं महिला और पुरुष दोनों वर्गों में आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। निर्णायक मंडल में शारीरिक शिक्षक हरिमोहन शर्मा, राकेश परमार, मनोज कुमार, विमल शर्मा, रवि मोहन त्रिवेदी, मोहम्मद जाकिर हुसैन और हीरा बहादुर प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *