धौलपुर जिले के निहालगंज थाना क्षेत्र में एक व्यापारी के साथ किडनैप का प्रयास, मारपीट और लूट की घटना सामने आई है। पीड़ित ने निहालगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने का आरोप लगाते हुए एसपी विकास सांगवान से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की है। यह घटना 13 जनवरी की शाम को हुई थी। व्यापारी ने बताया कि 13 जनवरी की शाम करीब 6:30 बजे वह बाजार से तगादा वसूली कर हलवाई खाना रोड होते हुए अपने घर लौट रहा था। हनुमान मंदिर के पास एक अर्टिगा कार उसके पास आकर रुकी। कार से उतरे एक व्यक्ति ने खुद को गिर्राज ट्रेडर्स, जौरा का मालिक गिर्राज बंसल बताया। उसके साथ 3 लोग पुलिस की वर्दी में और 4 अन्य सादा कपड़ों में थे। 1.5 लाख कैश से भरा बैग और सोने की चेन लूटी
आरोप है कि इन लोगों ने व्यापारी को जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। जब व्यापारी ने इसका कारण पूछा और गिरफ्तारी वारंट दिखाने की मांग की, तो कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और उसका तगादे का थैला छीन लिया, जिसमें लगभग 1.50 लाख रुपए नकद थे। उसकी गले से सोने की चेन भी खींच ली गई। इसी दौरान पीड़ित का बेटा वंश जैन मंदिर जा रहा था, जिसने घटना देखकर शोर मचाया और आसपास के लोगों को बुलाया। आरोप है कि आरोपी व्यापारी को जबरन कार में बैठाकर ले जाने लगे थे, लेकिन लोगों ने पीछा कर कार रुकवा ली और व्यापारी को बाहर निकाल लिया। जब वंश जैन ने अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो गिर्राज बंसल ने उसका मोबाइल छीनकर सड़क पर पटक दिया, जिससे वह टूट गया। जान से मारने की धमकी देकर हुए फरार
घटना के समय वसीम और सुबोध सहित कई लोग मौके पर जमा हो गए। इसके बाद आरोपी व्यापारी का थैला और सोने की चेन लेकर जान से मारने की धमकी देते हुए घटनास्थल से फरार हो गए।
पीड़ित ने निहालगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन कार्रवाई न होने पर वह पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान से मिलने पहुंचा। पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


