राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज धौलपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी पार्क में ‘शहीद दिवस’ का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी टी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर और माल्यार्पण के साथ की। देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों की स्मृति में प्रातः ठीक 11 बजे दो मिनट का मौन रखा गया, जिससे उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी जा सके। गांधी पार्क में बापू के प्रिय भजनों और ‘रामधुन’ का गायन किया गया। इससे पूरा परिसर देशभक्ति और शांति के स्वर से गुंजायमान हो उठा, जो कार्यक्रम के माहौल को और भी गंभीर बना रहा था।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी टी ने कहा कि शहीदों का बलिदान हमें देश सेवा और सत्य-अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से इन मूल्यों का पालन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर हरिराम मीणा, उपखण्डाधिकारी करमवीर सिंह, डीएसओ मणि खिंची, सीडीईओ महेश मंगल, जिला साक्षरता अधिकारी बीरी सिंह, एडीओ पप्पू सिंह, पीआरओ राजकुमार मीणा, राष्ट्रीय पुरस्कृत शिक्षक सुरेश गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और गांधी दर्शन समिति के सदस्य मौजूद थे। मंच संचालन गोविंद गुरु ने किया।


