धौलपुर में जिला फुटबाल संघ, खालसा क्लब और सिक्ख समुदाय के सहयोग से शहीद भगत सिंह प्रीमियर लीग सीजन-3 का आयोजन 26 दिसंबर से किया जाएगा।
यह प्रतियोगिता रेलवे स्टेशन रोड स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में होगी, जिसमें 8 जूनियर और 8 सीनियर टीमें हिस्सा लेंगी। लीग के लिए टीमों का चयन ऑक्शन के माध्यम से किया गया। ऑनलाइन आवेदन करने वाले फुटबॉल खिलाड़ियों को 1 लाख पॉइंट दिए गए, जिसके आधार पर टीम मालिकों ने अपने खिलाड़ियों को चुना।
जूनियर वर्ग में राहुल सबसे महंगे खिलाड़ी रहे, जबकि सीनियर वर्ग में अमित सेन को सर्वाधिक बोली लगाकर टीम में शामिल किया गया। ऑनलाइन ऑक्शन से होगा खिलाड़ियों का चयन
वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक हरीबाबू शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि खालसा क्लब ने धौलपुर में फुटबॉल के एक नए अध्याय की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि महानगरों की तर्ज पर खिलाड़ियों का ऑनलाइन ऑक्शन के माध्यम से चयन किया गया, जो खिलाड़ियों के बीच चर्चा का विषय रहा। यह जिले में तीसरा ऐसा आयोजन है, जिसमें धौलपुर के अलावा अन्य क्षेत्रों के खिलाड़ी भी भाग लेंगे। हरीबाबू शर्मा ने आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए चयनित खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने का आग्रह किया। ऑक्शन के दौरान परमजीत सिंह ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। बेटियां भी लेंगी भाग
इस फुटबॉल लीग की एक खास बात यह है कि इसमें बेटियों की एक पूरी टीम भी शामिल होगी, जिसमें धौलपुर जिले की बेटियां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
जिला फुटबाल संघ के सचिव संदीप राना ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समस्त सिक्ख समाज और धौलपुर के सभी फुटबॉल प्रेमी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन एडवोकेट रंजीत दिवाकर ने किया।


