धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र में राजाखेड़ा बाईपास स्थित श्रीराम गार्डन वाली गली में एक सूने मकान में बड़ी चोरी की वारदात हुई है। अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया। जानकारी के अनुसार, मकान मालिक के गांव जाने के दौरान चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने घर के तीन गेटों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर में घुसने के बाद चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़ दिया। उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषणों के साथ करीब 15 हजार रुपए नकद भी चोरी कर लिए गए। चोरी की गई संपत्ति की कुल कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। परिवार के लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस अब अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है और आरोपियों को पकड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।


