धौलपुर के सैपऊ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। रजौरा खुर्द गांव के पास एनएच 123 पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जगनेर थाना क्षेत्र के दहगमा गांव निवासी अमर सिंह पुत्र किशन सिंह अपनी मां सावित्री देवी (65) को धौलपुर में डॉक्टर को दवा दिलाने ले गया था। वे दवा लेकर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। रजौरा खुर्द गांव के नजदीक पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सावित्री देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। स्कॉर्पियो चालक घटना स्थल से फरार हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कब्जे में लेकर सैपऊ राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुर्दाघर में रखवाया है। घायल बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हवलदार ज्ञान सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो की टक्कर से सावित्री देवी की मौत हुई है। शव को मॉर्च्युरी में रखा गया है और परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस ने बताया कि फरार फोर व्हीलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


