धौलपुर में कोर्ट के आदेश पर नगर परिषद की ओर से आनन-फानन में पूरा कराया गया एक नाला बारिश में ढह गया। एनएच-44 स्थित कैथरी रिसोर्ट के सामने बना यह नाला नगर परिषद की कार्यशैली और गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रहा है। इस नाले का निर्माण लोक अदालत के आदेश की अवहेलना और कुर्की नोटिस जारी होने के बाद पूरा किया गया था। यह मामला वर्ष 2022 से लंबित था, जिसमें कैप्टन हरिकांत शर्मा ने अधूरे नाले को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी।
नगर परिषद की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कोर्ट ने 16 दिसंबर 2025 को कुर्की के नोटिस जारी किए थे। इन नोटिसों के चस्पा होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। कुर्की से बचने के लिए नगर परिषद ने कोर्ट से 6 दिन की मोहलत मांगी और इसी अवधि में नाले का काम पूरा कर दिया गया।


