धौलपुर पुलिस ने 16 एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त 5 क्विंटल 39 किलो 120 ग्राम अवैध गांजा नष्ट किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा की उपस्थिति में धौलपुर पुलिस लाइन परिसर में की गई। न्यायालय के आदेशानुसार गठित एक कमेटी की निगरानी में इस अवैध मादक पदार्थ को नष्ट किया गया। जब्त गांजे का इलेक्ट्रिक कांटे से वजन करवाया गया, जिसके बाद इसे तेल और लकड़ियों की सहायता से जलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
नष्ट किए गए गांजे से संबंधित कुल 16 प्रकरण जिले के विभिन्न पुलिस थानों से थे। इनमें पुलिस थाना कोतवाली धौलपुर के 3, निहालगंज के 1, सदर धौलपुर के 1, सैंपऊ के 1, मनियां के 3, दिहोली के 2, कौलारी के 1, बाड़ी कोतवाली के 2, कंचनपुर के 1 और आंगई के 1 प्रकरण शामिल थे। एसपी सांगवान ने बताया कि थानों के मालखानों में लंबे समय से रखे इस जब्त माल के निस्तारण से पर्याप्त जगह बन गई है। इससे भविष्य में जब्त किए जाने वाले अन्य माल को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। इस कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और उप निरीक्षक संतोष कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


