गुलाबी शहर में हाल ही में शुरू हुए जयपुर पोलो सीजन 2025 के अंतर्गत महाराज पृथ्वी सिंह ऑफ बारिया कप का फाइनल राजस्थान पोलो क्लब ग्राउंड पर खेला गया। यह मुकाबला टीम रामबाग पोलो और कैवेलरी रॉयल एन्फील्ड के बीच खेला गया। इसमें रामबाग पोलो ने 7-6 के स्कोर से कैवेलरी रॉयल एन्फील्ड को शिकस्त देकर कप अपने नाम कर लिया। मैच में मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर (एमवीपी) का खिताब टीम रामबाग पोलो से ध्रुव पाल गोदारा ने जीता। इस अवसर पर पूर्व नौसेना प्रमुख, एडमिरल माधवेन्द्र सिंह, पीवीएसएम, एवीएसएम, एडीसी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। वहीं, राजस्थान की पूर्व कैबिनेट मंत्री, बीना काक विशिष्ट अतिथि रहीं। उन्होंने मैदान में बॉल फैंक कर मैच को प्रारंभ कराया। विजेता टीम रामबाग पोलो से शमशीर अली ने 4 गोल और ध्रुव पाल गोदारा ने 3 गोल से टीम को जीत दिलाई। वहीं टीम के अन्य खिलाड़ियों में आर के सिद्धांत सिंह और सलीम आजमी भी शामिल रहे। इसी प्रकार, कैवेलरी रॉयल एन्फील्ड से डेनियल ओटामेंडी ने 4 गोल किए। मेजर अनंत राजपुरोहित और नवीन सिंह ने 1-1 गोल किया। टीम से मेजर एमएस चौहान भी खेले।


