सीकर के कोतवाली थाना इलाके में आज रात सूरजपोल गेट इलाके के पास नगर परिषद के कचरा ऑटो टीपर से मांस अपशिष्ट सड़क पर गिर गया। इसके बाद मौके पर काफी लोग एकत्रित हो गए। पिछले करीब 1 घंटे से आवारा पशु भी मांस अपशिष्ट खाने के लिए आसपास घूम रहे हैं। हालांकि एहतियात के तौर पर कुछ दूरी में ट्रैफिक रोक दिया गया है। गुस्साए लोगों ने नारेबाजी भी की। ट्रैफिक रोकने के चलते शहर में घंटाघर, जाट बाजार सहित अन्य इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक नगर परिषद का कचरा ऑटो टीपर कचरा लेकर आ रहा था। इसी दौरान अचानक लीवर दबने से कचरा सड़क पर फैल गया। कचरा ऑटो टीपर मौके से फरार हो गया। जब दूसरा कचरा ऑटो टीपर कचरा उठाने के लिए आया। तो गुस्साए लोगों ने उसका कांच तोड़ दिया। फिलहाल सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची है।


