भास्कर न्यूज | राजनांदगांव मदनवाड़ा-कोरकोट्टी के नक्सल हमले में शहीद हुए एसपी स्व. वीके चौबे सहित 29 जवानों को रक्षित केंद्र में श्रद्धांजलि दी गई। 12 जुलाई 2009 को यह हमला हुआ था। जिसकी 16वीं बरसी पर शहीद दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें एसपी चौबे की पत्नी रंजना चौबे सहित शहीद जवानों के परिजन शामिल हुए। रक्षित केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में शहीद एसपी चौबे की पत्नी सहित जवानों के परिजनों को श़ॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद जवानों की शहादत को याद करते हुए उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इस दौरान मौजूद जवानों-अफसरों के अलावा शहीदों के परिजनों की आंखें नम हो गई। कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए शहीद एसपी चौबे की पत्नी रंजना चौबे ने कहा कि 12 जुलाई को हुए हमले को याद कर उनकी आंखें नम हो जाती है।नक्सलियों की करतूत शहीद परिवारों को आज भी झकझोर देती है। लेकिन नई पीढ़ी से वे आशान्वित हैं। नक्सलवाद जड़ से खत्म होगा। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे निर्णायक ऑपरेशन की सराहना की। इसके अलावा जवानों की सुरक्षा की कामना भी की। रंजना चौबे ने कहा कि नई पीढ़ी के जवानों से उम्मीद है कि जल्द ही नक्सलवाद पूरी तरह खत्म हो जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, एसपी मोहित गर्ग ने शहीद जवानों के परिजनों से चर्चा की। उनसे समस्याएं पूछी। इसके बाद उन्हें समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया गया। मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी शहीद जवानों के परिजनों से हाल चाल जाना। इस दौरान जिला न्यायाधीश सुषमा सावंत, सांसद संतोष पांडेय, छग पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा सहित जनप्रतिनिधि व राजनैतिक दल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।


