अजमेर शहर में नए बने हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाने ने 5वें दिन शुक्रवार को पहला मामला दर्ज किया। खास बात यह रही की इन पांच दिनों में एक भी पीड़ित थाने नहीं पहुंचा। यह मामला भी पुलिस ने जुए का पकड़ा है। जिसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच की जा रही है। थाना प्रभारी महावीर शर्मा ने बताया कि नवसृजित पुलिस थाना हरिभाऊ उपाध्याय नगर में शुक्रवार को पहला मामला दर्ज किया गया। जुए सट्टे पर अंकुश लगाने के लिए थाने पर एक टीम का गठन किया गया था। टीम ने मुखबिर की सूचना पर पुष्कर रोड स्थित शराब के ठेके के पीछे खाली जगह पर ताश पत्ती से जुआ खेलते कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने कार्रवाई करते हुए कोटड़ा निवासी चमन और मनोज को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से 1280 रुपए कुल राशि जप की गई। दोनों के खिलाफ जुआ सट्टा अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्पीकर देवनानी ने किया था शुभारंभ बता दें कि 5 दिन पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व अजमेर-उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने पुरानी विश्राम स्थली स्थित एडीए भवन में हरिभाऊ उपाध्याय नगर (एचबीयू नगर) थाने का उद्घाटन किया था। फिलहाल ये जगह अस्थाई होगी, बाद में इसे कोटड़ा के स्थायी भवन में निर्माण के बाद शिफ्ट किया जाएगा। एचबीयू नगर थाने के पहले थानाप्रभारी महावीर प्रसाद शर्मा का देवनानी सहित अधिकारियों ने साफा व माला पहनाकर स्वागत भी किया था। इन इलाकों में लगेगा थाना क्षेत्र थाना क्षेत्र में हरिभाउ उपाध्याय नगर मुख्य एवं विस्तार, बीके कौल नगर, ज्ञानविहार, कोटडा, नौसर गांव, बैरवा बस्ती, रीजनल कॉलेज, गणपति नगर, हरिभाऊ उपाध्याय नगर पुलिस चौकी का सम्पूर्ण क्षेत्र, सेवन वंडर्स, गणपति समारोह स्थल, एमपीएस स्कूल, करणी विहार कॉलोनी, नई चौपाटी, अलखनंदा कॉलोनी, रातीडांग तिराहे से रातीडांग ग्राम, एमपीएस स्कूल व उसके सामने से आनासागर (जल क्षेत्र) का सम्पूर्ण क्षेत्र कई छोटे बड़े प्रतिष्ठान, फ्लैट, विद्यालय एवं अस्पताल हैं। थानाप्रभारी समेत 21 को किया नियुक्त एसपी वंदिता राणा ने एचबीयू नगर थाने में पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया है। थानाप्रभारी के पद पर निरीक्षक महावीर प्रसाद शर्मा को लगाया , वहीं दो सहायक उप निरीक्षक जयलाल, जगमाल दाहिमा लगाए गए। इनके अलावा हेड कॉन्स्टेबल नरेन्द्रसिंह, प्रभुलाल, चैनाराम, मुस्ताक अहमद समेत 11 कॉन्स्टेबल व 3 महिला कॉन्स्टेबल तैनात किए हैं।


