नए साल की शुरुआत में चाकूबाजी:बाइक का कट मारने पर टोका, युवक ने तीन लोगों को मारा चाकू; गश्ती के बीच वारदात

रतलाम में नए वर्ष के स्वागत के कुछ ही देर बाद बाइक का कट लगने की बात पर चाकूबाजी की घटना हुई। एक युवक ने पहले दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद पैदल जा रहे एक अन्य युवक को चाकू मार दिया। तीनों घायलों को गुरुवार तड़के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से गंभीर घायल को मेडिकल कॉलेज रेफर किया। घटना बुधवार-गुरुवार की रात करीब 2 बजे स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की है। जिस जगह घटना हुई वहां से महज 100 मीटर की दूरी पर जीआरपी थाना भी है। रात में चाकू बाजी की सूचना मिलने पर एसपी अमित कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। चाकू मारने वाले युवक बाबू (18) पिता श्याम डामोर निवासी जावरा फाटक को जीआरपी ने तलाश कर स्टेशन रोड पुलिस को सौंपा। चाकू लगने से चेतन (21) पिता कमल रेशमिया निवासी डोसीगांव मल्टी, कालू (35) पिता नानूराम निनामा निवासी पाटली व हनी सिंह पिता रुपसिंह सिंगाड़ निवासी बोराली पेटलावद जिला झाबुआ घायल हुए है। पहले तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद कालू की हालात गंभीर होने पर इसे यहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने चेतन रेशमिया की रिपोर्ट पर चाकू मारने वाले बाबू डामर पिता श्याम डामर निवासी जावरा फाटक के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(a), 109(1), 351(3) व 25 के तहत केस दर्ज कर हिरासत में लिया है। इस तरह हुआ घटनाक्रम
चेतन रेशमिया ने बताया मैं रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 2 की पार्किंग स्टैंड पर काम करता हूं। साथ में ऑटो भी चलाता हूं। रात 1.45 बजे अपना आटो खड़ा करके शर्मा रेस्टोरेंट के सामने खड़ा था। वहां पर मुझे कालु निनामा निवासी पाटडी (शिवगढ़) मिला। जिससे में बात कर रहा था। उसी समय एक लडका बाइक क्रमांक MP43 MG 9007 से आया। मेरे पास खड़े कालु निनामा को बाइक से कट मारकर जाने लगा। तब कालू ने उसे कहा कि देख बाइक चला। इस बात पर पास में आकर वह गाली-गलौच करने लगा। गाली देने से मना किया तो जेब से एक खटकेदार चाकू निकाला। जान से मारने की नीयत से कालु निनामा पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे कालू के पेट व चेहरे पर बांयी तरफ चोट आई है। बीच बचाव किया तो उसने चाकू से मुझे पीठ पर बाएं तरफ हमला किया। आसपास के लोगों ने बीच बचाव किया। वहां मौजूद अन्य ऑटो वाले हम दोनों को जिला अस्पताल लेकर गए। पैदल आ रहे युवक को भी मारा चाकू
बाइक सवार चेतन व कालू को चाकू मारने के बाद वहां से निकल गया। कुछ दूरी पर दिलबहार चौराहे पर से स्टेशन की तरफ आ रहे हनी सिंह को रोका। जिला अस्पताल में भर्ती हनी सिंह ने बताया कि बिना कारण चाकू मार दिया। बाइक से एक युवक आया, पूछा कहा जा रहा है, बताने के पहले ही उसने पेट व पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। हनीसिंह मूलत पाटड़ी गांव का रहने वाला है। लेकिन जावरा फाटक महावीर कॉलोनी रतलाम में रहता है। वह स्टेशन पर चाय की दुकान पर काम करता है। रात में वह चाय की दुकान पर काम के लिए जा रहा था। चेतन की आज सगाई होने वाली थी
घायल फरियादी चेतन के ज्यादा चोट नहीं होने से वह जिला अस्पताल से गुरुवार दोपहर चला गया। चेतन ने बताया कि गुरुवार को उसकी सगाई होने वाली थी। रात में चेकिंग पाइंट था
नए वर्ष को लेकर पुलिस अलग-अलग चौराहे पर खड़े होकर चेकिंग अभियान चला रही थी। रात 12 बजे बाद पुलिस चौराहों से हट गई। पुलिस की चेकिंग अभियान के बावजूद चाकूबाजी की घटना से दशहत फैल गई। पुलिस के अनुसार जिस युवक ने चाकू मारा है उसके खिलाफ पूर्व में वर्ष 2024 में डीडी नगर थाना क्षेत्र में चाकू मारने का केस दर्ज है। फिलहाल चाकू मारने वाला पुलिस की हिरासत में है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *