नव वर्ष के मौके पर शहर से लेकर गांव तक शराब की डिमांड बढ़ जाती है। इसे देखते हुए नकली शराब खपाने की तैयारी की जा रही है। उत्पाद विभाग ने रविवार की रात मनातू थाना क्षेत्र में छापेमारी कर नकली शराब बनाकर बेचने वाले एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो अपराधी भाग निकले। मौके से उत्पाद विभाग ने 45.510 लीटर नकली शराब और शराब पैक करने के लिए पांच सौ खाली बोतल बरामद किया है। अपराधी इंपीरियल महंगे ब्रांड के नकली विदेशी शराब तैयार करते थे। उत्पाद अधीक्षक को जानकारी मिली थी कि मनातू में नकली शराब का कारोबार किया जा रहा है। इस पर छापेमारी टीम मनातू पहुंची। मनातू बाजार के इलाके में रहने वाले मनीष कुमार और पवन कुमार गुप्ता के घर में छापेमारी की। रात में अचानक पुलिस के पहुंचने से वहां हड़कंप मच गया। मौके से नकली शराब और पैकिंग के लिए बोतल मिला। स्व. महेंद्र प्रसाद के पुत्र पवन कुमार गुप्ता (28) को घर से ही उत्पाद विभाग की टीम ने गिरफ्त में ले लिया। जबकि नकली शराब के अवैध धंधे में शामिल मनातू के ही रहने वाले योगेंद्र प्रसाद का पुत्र प्रिंस कुमार (25) और उमेश प्रसाद का बेटा मनीष कुमार (25) भाग निकला। नकली शराब को मनातू और इससे सटे बिहार के इलाके में बेचा जाता था।


