देवघर में एक घर में बीती देर रात चोरी की घटना हुई। हालांकि मकान मालकिन को सीसीटीवी ऑनलाइन मोबाइल पर देख चोरों के घर में घुसने की जानकारी मिल गई। उन्होंने पड़ोसी को बताया और वो घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद चोर भागने लगे और इस दौरान उन्होंने फायरिंग भी कर दी। हालांकि इस घटना में गोली किसी को लगी नहीं। घटना 52 बीघा मां ललिता हॉस्पिटल के आगे की है। घर के पड़ोसी आदित्य कुमार ने बताया कि घर में रहने वाला परिवार इलाज के लिए बेंगलुरु गया है। घर पर ताला लटका देख चोर यहां देर रात पहुंचे। ताला तोड़कर घर के अंदर घुस गए। इसी बीच चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई, जिसे घर की मालकिन ने ऑनलाइन मोबाइल में देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना फोन कर मोहल्लेवासियों को दी। मोहल्लेवासी मौके पर पहुंचे और शोर मचाना शुरू किया। इसके बाद चोर वहां से सामान लेकर भागने लगे। कई सामान भी रास्ते में गिर गया। उसी वक्त पेट्रोलिंग कर रही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। वहीं, चोरी कितने की हुई है, इसका आकलन अभी नहीं किया जा सका है।


