ग्वालियर में नए साल के जश्न के दौरान एक युवक को शराब पिलाकर उसके ही दोस्त और पड़ोसी ने जमकर मारपीट की, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दो दिन इलाज के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है। यह घटना थाना पड़ाव क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा इलाके की है। युवक की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों ने हंगामा कर दिया। इस मामले में मारपीट के आरोपी अभिषेक रजक को पुलिस ने उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का कहना है कि नशे की हालत में सुरेन्द्र उससे झगड़ रहा था, इसलिए उसने उसे धक्का दे दिया। पुलिस आरोपी को लेकर ग्वालियर रवाना हो गई है। फिलहाल इस मामले में मर्ग कायम है। चूंकि मौत मारपीट की घटना के दो दिन बाद हुई है, इसलिए पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मौत से पहले उज्जैन भागा था आरोपी पुलिस को सूचना मिली थी कि सुरेन्द्र की मौत से पहले ही मुख्य आरोपी अभिषेक रजक शहर छोड़कर भाग गया था। सुरेन्द्र की मौत के बाद उसकी मां विमला ने सबसे पहले अभिषेक पर ही हत्या का आरोप लगाया था। परिजनों का कहना है कि अभिषेक ही उसे घर से बुलाकर ले गया था। पुलिस ने जब आरोपी की तलाश की तो उसकी लोकेशन उज्जैन में मिली। इस पर पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने उज्जैन में घेराबंदी कराकर आरोपी को पकड़वा लिया। इसके बाद पड़ाव थाना पुलिस ने उसे अपनी कस्टडी में ले लिया और ग्वालियर के लिए रवाना हो गई। अभी हत्या का मामला दर्ज नहीं फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज नहीं किया है। मारपीट की घटना 31 दिसंबर की रात की है, जबकि सुरेन्द्र की मौत 2 जनवरी को हुई। इसी कारण अभी मर्ग कायम किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यदि मौत का कारण मारपीट से लगी चोटें पाया जाता है, तो हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। न्यू ईयर की रात की थी पार्टी पड़ाव थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा में रहने वाला 20 वर्षीय सुरेन्द्र जाटव शादी समारोहों में आइसक्रीम का स्टॉल लगाने का काम करता था। 31 दिसंबर की रात उसके पड़ोस में रहने वाले अभिषेक रजक उर्फ गोली और मोंटू नामक दो दोस्तों ने उसे पार्टी के लिए बुलाया। तीनों ने साथ में शराब पी। नशा बढ़ने पर सुरेन्द्र और अभिषेक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर अभिषेक और मोंटू ने बीच सड़क पर सुरेन्द्र के साथ मारपीट की और उसे उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। घटना के समय वहां मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। कुछ देर बाद परिजनों को सुरेन्द्र के बेहोश पड़े होने की सूचना मिली, जिसके बाद वे उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। पीएम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि सुरेन्द्र की मौत के मामले में एक आरोपी को उज्जैन से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को ग्वालियर लाया जा रहा है। यहां उससे पूछताछ की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


