भास्कर न्यूज | अंबिकापुर नववर्ष के जश्न में खपाने के लिए लाई गई अवैध शराब के खिलाफ सरगुजा आबकारी उड़नदस्ता टीम ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने शहर से सटे दरिमा रोड स्थित मानिकप्रकाशपुर में एक गोदाम पर दबिश देकर 40 लाख रुपए की 300 पेटी हरियाणा निर्मित ब्लैक डॉट व्हिस्की जब्त की है। आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि दीपक ट्रांसपोर्ट का मालिक सौरभ सिंह, जो पहले भी शराब तस्करी के मामले में संलिप्त रहा है, उसने भारी मात्रा में हरियाणा से अवैध शराब मंगवाई है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने सुबह तड़के आरोपी सौरभ सिंह को उसके घर से हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर मानिकप्रकाशपुर स्थित किराए के गोदाम में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान 300 पेटी ब्लैक डॉट व्हिस्की (कुल 14,400 पाव), लगभग 2,590 लीटर विदेशी शराब, प्रारंभिक आकलन के अनुसार 40 लाख रुपए जब्त किया गया। इससे पहले आरोपी के मैनेजर बाल भगवान पांडे को 165 पेटी पंजाब निर्मित शराब के साथ जेल भेजा गया था। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि यह शराब करीब दो महीने पहले ही लाकर स्टॉक की गई थी, जिसे 31 दिसंबर और 1 जनवरी के मौके पर पूरे जिले में सप्लाई करने की योजना थी।


