बैतूल में गुरुवार रात तीन नकाबपोश लुटेरों ने एक घर में वृद्धा को घर में बंधक बनाकर जेवरात और नकदी लूट लिए। घटना की एफआईआर शुक्रवार दोपहर कोतवाली में दर्ज की गई है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामला शहर के गौठाना इलाके का है। शांतिनगर कॉलोनी में 64 वर्षीय करुणा देशमुख अपनी नन्द प्रीति बाला पाटणकर के साथ रहती है। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात तीन नकाबपोश उनकी छत का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे, इतने में उनकी नींद टूट गई। नकाबपोशों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। उनके मुंह और हाथ-पैर बांध दिए। उनकी अलमारी तोड़कर उसमें रखे नकदी, जेवरात और मोबाइल ले गए। चोरों के भागने के बाद उन्होंने घटना नीचे माले पर सो रहे रिश्तेदारों को बताई। आलमारी चैक करने पर नगद 6 हजार रुपए और सीने के जेवरात, मोबाइल चोर ले जा चुके थे। 15 दिन पहले ही गौठाना रहने आई वृद्धा के मुताबिक, पिछले 15-20 दिनों से प्रीति की मकान में ऊपर के ब्लॉक में रहती है। वे पहले घरौंदा में केयरटेकर थीं। कुछ दिन पहले ही वे कर्जगांव से बैतूल आकर बिजनेस करने लगी। रात को हुई घटना के बाद उन्होंने डॉयल हंड्रेड को भी कॉल किया, लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा। शुक्रवार की दोपहर उन्होंने अपने रिश्तेदार शंकरराव पाटणकर के साथ कोतवाली पहुंचकर एफआईआर दर्ज करवाई। जांच अधिकारी पंचम यूईके ने बताया कि उन्होंने मौका जांच की है। आसपास के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।


