बड़वानी के राजपुर नगर में पलसूद रोड स्थित व्यापारी मोहन अग्रवाल के घर मंगलवार शाम दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई। नकाबपोश लुटेरों ने घर में अकेली मौजूद व्यापारी की बहू को डरा-धमकाकर और लाखों के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए। सोने-चांदी के जेवरात और नकदी के लेकर फरार घटना के समय मोहन अग्रवाल बाजार गए हुए थे और बच्चे स्कूल में थे। लुटेरों ने उनकी बहू को अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया। घर लौटने पर मोहन अग्रवाल ने अपनी बहू को बदहवास स्थिति में पाया। बहू ने इशारे से अलमारी की ओर इशारा किया। मोहन अग्रवाल के अनुसार, लुटेरे सोने की बाली, सोने की चेन सहित अन्य सोने के आभूषण और दो लाख रुपए से अधिक की नकदी ले गए। उनकी बहू फिलहाल सदमे में है और बोलने की स्थिति में नहीं है। उसे पहले शासकीय अस्पताल राजपुर ले जाया गया, जहां से बड़वानी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी धीरज बब्बर, डीएसपी और अन्य पुलिस बल बड़वानी से राजपुर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित महिला अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उनके बयान के बाद ही लूटी गई रकम और सामान की सही जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


