नक्सली गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार:मुखिया पति को धमकी देकर लेवी मांगने वाले आरोपी बिहार-झारखंड से पकड़े गए

गिरिडीह पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी भेलवाघाटी प्रखंड के गुनियाथर पंचायत के मुखिया पति सफदर अली अहमद को धमकी देकर लेवी की मांग कर रहे थे। गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि 12 दिसंबर को मुखिया पति के घर पर नक्सली पर्चा छोड़ा गया था और अगले दिन फोन कर लेवी की मांग की गई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें अभियान एएसपी, खोरीमहुआ एसडीपीओ, भेलवाघाटी थाना प्रभारी और गुनियाथर ओपी प्रभारी शामिल थे। पुलिस की टीम ने झारखंड और बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर बिहार के बटिया थाना क्षेत्र से अनवर अंसारी और बुद्धन मुर्मू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने धमकी देने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। एसपी ने बताया कि दोनों आरोपी बिहार के कुख्यात नक्सली सिद्धु कोड़ा के दस्ते के सदस्य हैं। इनके खिलाफ चरकापत्थर थाने में पहले से कई मामले दर्ज हैं और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत भी इन पर केस दर्ज है। दोनों पहले भी जेल जा चुके हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *